जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और महाराष्ट्र में बारिश, दक्षिण भारत में लू का अलर्ट जारी

0 6

नई दिल्ली, 18अप्रैल। झारखंड के कुछ इलाकों के लिए 19 अप्रैल से लू का अलर्ट जारी किया गया. झारखंड के कोल्हान और संथाल परगना प्रमंडलों में 19 अप्रैल से तीन दिन के लिए लू का अलर्ट है. मौसम कार्यालय ने बुधवार को कहा कि जो जिले प्रभावित होंगे उनमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज शामिल हैं.

इन राज्यों में हीट वेव की संभावना
गंगीय पश्चिम बंगाल में 18 अप्रैल को, बिहार में 17-21, झारखंड में 19-21 और ओडिशा में 17, 20 और 21 अप्रैल, 2024 के दौरान अलग-अलग स्थानों में उष्ण लहरकी स्थिति होने की संभावना है.

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 18 और 19 अप्रैल, 2024 के दौरान अलग-अलग स्थानों में उष्ण लहर की स्थिति होने की संभावना है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा और तेलंगाना में 17-19 अप्रैल, 2024 के दौरान अलग-अलग स्थानों में उष्ण लहर की स्थिति होने की संभावना है.

मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 17 और 18 अप्रैल, 2024 के दौरान अलग-अलग स्थानों में उष्ण लहर की स्थिति होने की संभावना है.

भारी वर्षा की संभावना
उत्तराखंड में 19 और हिमाचल प्रदेश में 18 और 19 मार्च 2024 को अलग अलग स्थानों में ओलावृष्टि की संभावना है.जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में 19 अप्रैल, 2024 को अलग अलग स्थानों में भारी वर्षा (64.5-115.5 मिमी) होने की संभावना है.

दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर
झारखंड के कम से कम आठ जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया और अगले तीन दिन में इसमें 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है. सरायकेला में दिन का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस, गोड्डा में 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पाकुड़ का तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस था, जबकि डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रांची में तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया. उत्तर-पश्चिमी हवाओं के परिणामस्वरूप तापमान बढ़ रहा है.

मुंबई में अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस
मुंबई में मंगलवार को अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.जो इस महानगर के लिए वर्ष 2009 के बाद से अप्रैल महीने का सर्वाधिक गर्म दिन है. मुंबई के लोगों को बुधवार को बढ़ते तापमान से कुछ राहत मिली. कोलाबा और सांताक्रूज़ वेधशालाओं ने अधिकतम तापमान क्रमशः 34 डिग्री सेल्सियस और 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया.

महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में बेमौसम बारिश
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में नौ अप्रैल के बाद एक सप्ताह में बेमौसम बारिश के कारण 10 लोगों और 150 पशुओं की मौत हो गई. राज्य के राजस्व विभाग द्वारा तैयार की गई एक प्राथमिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.